मासूम बच्चियों के साथ आए दिन हो रहे जघन्य अपराधों के खिलाफ आवाज उठाते हुए आज भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कार्यवाही की मांग की है।

डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में पार्टी के जिलाध्यक्ष गुलाबचंद्र कुशवाहा ने कहा कि हमारे देश में हमारी बहन-बेटियों के साथ बलात्कार, हत्या जैसे जघन्य अपराधों में लगातार इजाफ़ा हो रहा है। सरकारें अपराधों पर अंकुश नहीं लगा पा रही हैं। अभी हाल ही में अलीगढ़ में दो साल की मासूम बच्ची को बेरहमी से मार डाला गया। वहीं हमीरपुर में भी 11 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद गल घोंटकर हत्या कर दी गई। आए दिन इस प्रकार की घटनाएं सुनने में आ रही हैं। यह भारत माता की आबरू के साथ कलंक है। हमारा देश तभी सुरक्षित होगा, जब भारत देश की बहन-बेटियाँ सुरक्षित होंगी।
जिलाध्यक्ष गुलाबचंद्र कुशवाहा ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की है कि बहन बेटियों के खिलाफ हो रहे बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में फांसी या मृत्यु की सजा का प्रावधान होना चाहिए। इसके अलावा ऐसे अपराधों की सुनवई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने के लिए भी आवाज उठाई गई।