वृक्षारोपण महाअभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ
- By
- Gulabchandra Kushwaha
- July-29-2026
भगवती मानव कल्याण संगठन एवं बुंदेलखंड हरियाली मिशन, बांदा के तत्वावधान में पर्यावरण प्रहरी श्री गुलाब चंद्र कुशवाहा द्वारा विगत 50 माह से निरंतर चलाए जा रहे वृक्षारोपण जन-जागरूकता महाअभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ आज डॉ. भीमराव आंबेडकर शिक्षा सदन, बिलगांव (बांदा) में सैकड़ों विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में पौधारोपण के साथ किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत अब तक विभिन्न प्रजातियों के 3,000 से अधिक पौधों का सुरक्षित स्थानों पर रोपण किया जा चुका है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में श्री गुलाब चंद्र कुशवाहा ने कहा कि विकास और पर्यावरण साथ-साथ चल सकते हैं, आवश्यकता केवल संवेदनशील सोच और दृढ़ संकल्प की है। उन्होंने अनावश्यक रूप से पुराने वृक्षों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं समाज से पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही "जन्मदिन पर पौधा लगाओ" अभियान का शुभारंभ करते हुए सभी से अपने जन्मदिन एवं पूर्वजों की पुण्यतिथि पर कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्री मनीष कुमार द्विवेदी जी, प्रधानाचार्य श्री पंकज कुमार जी, श्री कुशल सिंह जी, श्री मनोज जी, श्री दशरथ जी, श्री अमित कुशवाहा जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
🌳 एक पौधा – एक जीवन।
🌿 पर्यावरण बचाएँ, भविष्य सुरक्षित बनाएँ।