सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए संकल्प के 10वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर भगवती मानव कल्याण संगठन एवं कान्हा मल्टी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में काशीराम कॉलोनी, हरदौली, वार्ड नंबर–16 में आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शाहिद खान जी द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. शाहिद खान जी ने कहा कि समाजसेवी श्री गुलाबचंद कुशवाहा जी द्वारा समाज के बीच रहकर की जा रही निःशुल्क सेवा वास्तव में काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण के लिए समर्पित ऐसे निस्वार्थ कार्य समाज को एक नई दिशा देते हैं और अन्य लोगों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कान्हा मल्टी हॉस्पिटल की अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने शिविर में उपस्थित कई सैकड़ों मरीजों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में सामान्य रोग, ब्लड शुगर, महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं।
कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी श्री गुलाबचंद्र कुशवाहा जी ने बताया कि इन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह है कि समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि समय रहते स्वास्थ्य जांच और परामर्श मिलने से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। उन्होंने लोगों से नियमित योग करने, नशा और मांसाहार से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान भी किया।
श्री कुशवाहा जी ने जानकारी दी कि संकल्प के अंतर्गत आयोजित 10 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 4000 से अधिक क्षेत्रवासियों का निःशुल्क उपचार किया जा चुका है। इसके लिए उन्होंने सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और समाजसेवियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव जी ने बताया कि शिविर में महिलाओं की विशेष जांच के साथ ब्लड शुगर की जांच की गई और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां दी गईं। वहीं, कान्हा मल्टी हॉस्पिटल के प्रबंधक श्री सुरेश कान्हा जी ने बताया कि इस शिविर में करीब 600 से अधिक लोगों ने सहभागिता की, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में डॉ. सरिता धुरिया, डॉ. राजा, डॉ. उदयभान, रामसुफल साहू, संतोष गुप्ता, बालचंद्र कुशवाहा, मनोज विश्वकर्मा, कामता गुप्ता, जयकरण यादव, शिवगोस्वामी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




