भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वाधान में संचालित सामाजिक जन जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का 67वां आयोजन 13 फरवरी 2026 को श्री चंद्रशेखर पब्लिक स्कूल, बांदा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी श्री गुलाब चंद्र कुशवाहा ने “नशा मुक्त बांदा, खुशहाल बांदा” के संकल्प को दोहराते हुए विद्यार्थियों को जागरूकता का संदेश दिया।
उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री कुशवाहा ने कहा कि समाज में जागरूकता के अभाव के कारण ही बुराइयां तेजी से फैलती हैं। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं, जिनमें संगति का प्रभाव, नशीले पदार्थों तक आसान पहुंच, संसाधनों की कमी और अभिभावकों की लापरवाही शामिल हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्मों, गीतों और डिजिटल माध्यमों में नशे के चित्रण का युवा पीढ़ी पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ता है। इसलिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर सकारात्मक वातावरण बनाने की आवश्यकता है। विद्यालय के प्रबंधक श्री उमेश चंद्र पांडे ने श्री कुशवाहा एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्री राकेश, कुलदीप, अमृता की रानी, निशु, उषा, मानसी, सत्यम गुप्ता, बालचंद और मनोज सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना की और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित छात्रों ने भी “नशा मुक्त बांदा” के संकल्प को आगे बढ़ाने का समर्थन व्यक्त किया।